दिल्ली में हुए लीठीजार्च के विरोध में नगरोटा बगवां में विधायक आरएस बाली की अगुवाई में रैली निकल
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। दिल्ली में 20 जुलाई को अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे युवाओं और विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को नगरोटा बगवां में रोष रैली निकाली गई। विधायक आरएस बाली की अगुआई में एनएसयूआई के सदस्यों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हटवास स्थित ओबीसी भवन से न्यू बस स्टैंड तक प्रदर्शन किया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रैली को संबोधित करते हुए विधायक आरएस बाली ने कहा कि लोकतंत्र का सबसे बड़ा फर्ज जनप्रतिनिधियों द्वारा जनता की बात सुनना है। लेकिन दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों और युवाओं, विशेषकर लड़कियों पर लाठीचार्ज करना तथा आंसू गैस के गोले छोड़ना पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह की बलप्रयोग की कार्रवाई लोकतंत्र का गला घोंटने जैसा है और देश का युवा इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
मनकोटिया बोले-युवाओं के सपनों पर चोट कर रही सरकार
संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। प्रदेश कांग्रेस महासचिव ठाकुर सुरेंद्र सिंह मनकोटिया के नेतृत्व में संसारपुर टैरेस में कार्यकर्ताओं ने विभिन्न परीक्षा पेपर लीक मामलों और दिल्ली में प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के खिलाफ केंद्र सरकार का पुतला फूंका और प्रदर्शन किया। मनकोटिया ने कहा कि लगातार हो रही पेपर लीक की घटनाओं से देश के करोड़ों विद्यार्थियों की वर्षों की मेहनत और विश्वास को गहरी चोट पहुंची है। जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई न होने से युवाओं में निराशा है। उन्होंने दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज और आंसू गैस छोड़ने की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि अपनी बात रखना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। संवाद