इंदौरा में आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक करते विधायक मलेंद्र राजन। -स्रोत :
डमटाल/ठाकुरद्वारा/इंदौरा (कांगड़ा)। विधायक मलेंद्र राजन ने बुधवार को इंदौरा कॉलेज में संभावित बाढ़ और प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी विभागों को आपस में बेहतर समन्वय बनाकर काम करने और मानसून के दौरान किसी भी आपात स्थिति के लिए पूरी तरह मुस्तैद रहने के निर्देश दिए।
विधायक ने बीबीएमबी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यदि पौंग डैम से पानी छोड़ना पड़े तो इसकी पूर्व सूचना समय रहते पंचायत प्रतिनिधियों और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों तक हर हाल में पहुंचाई जाए। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक दवाओं व चिकित्सा सामग्री का पर्याप्त स्टॉक रखने तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग को खाद्यान्न सहित अन्य जरूरी सामान की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
मलेंद्र राजन ने बताया कि पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन को मजबूत करने के लिए पंचायतों को आपदा प्रबंधन किट प्रदान की गई हैं। बैठक में एसडीएम डॉ. सुरिंद्र ठाकुर और डीएसपी संजीव यादव सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
बरोटा पंचायत के विकास के लिए पांच लाख देने की घोषणा
इंदौरा/ठाकुरद्वारा/डमटाल (कांगड़ा)। विधायक मलेंद्र राजन ने बरोटा पंचायत का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं और क्षेत्र के विकास के लिए 5 लाख रुपये देने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि पंचायत में तीन नए ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू हो गया है और करोड़ों की लागत से मिलवां-बरोटा सड़क का निर्माण किया गया है। विधायक ने कहा कि पांच इलेक्ट्रिक बसों का टेंडर हो चुका है और मिलते ही बरोटा के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। उन्होंने घोषणा की कि भूमि उपलब्ध होने पर करीब 1.14 करोड़ रुपये से सामुदायिक पंचायत भवन, आधुनिक ओपन जिम का निर्माण और सोलर लाइटें लगाई जाएंगी। उन्होंने तियौड़ा-पत्तन पुल की डीपीआर तैयार होने की जानकारी दी। सीमावर्ती क्षेत्र होने के कारण उन्होंने लोगों से नशे के खिलाफ पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर प्रधान जुगल किशोर, उपप्रधान तरसेम लाल सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।