हटली में बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट शेखर ठाकुर को अंतिम सलामी देती बीएसएफ की टुकड़ी। -स्रोत : जा
शाहपुर (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र शाहपुर के साथ लगती चंबा की हटली पंचायत के प्रीतम नगर निवासी और बीएसएफ के डिप्टी कमांडेंट शेखर ठाकुर का हटली स्थित श्मशान घाट में सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनके पुत्र शौर्य ठाकुर ने चिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान बीएसएफ की टुकड़ी ने तीन राउंड फायर कर अपने जांबाज अधिकारी को अंतिम सलामी दी।
गुजरात के अहमदाबाद में बीमारी के चलते डिप्टी कमांडेंट शेखर ठाकुर पुत्र शेर सिंह ठाकुर का रविवार सुबह निधन हो गया था। शेखर ठाकुर पिछले करीब 15 दिन से अस्वस्थ चल रहे थे और अहमदाबाद के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। सोमवार शाम करीब पांच बजे उनका पार्थिव शरीर पहले हवाई मार्ग से अमृतसर एयरपोर्ट लाया गया, जिसके बाद बीएसएफ के वाहन से उनके पैतृक गांव हटली पहुंचाया गया।
जैसे ही पार्थिव देह घर पहुंची, परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया। हटली पंचायत के उप प्रधान अशोक चंबियाल सहित क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। ग्रामीणों के अनुसार शेखर ठाकुर के निधन से पूरे क्षेत्र ने एक कर्मठ और समर्पित सैनिक अधिकारी को खो दिया है।