कुलथी में आयोजित टूर्नामेंट में विजेता टीम को सम्मानित करते विधायक पवन काजल। स्रोत: आयोजक
कांगड़ा। कुलथी में आयोजित वॉलीबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में कुलथी ने तकीपुर को हराकर खिताब अपने नाम किया। सोमवार को समापन समारोह में विधायक पवन काजल ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता कुलथी की टीम को 3100 रुपये व ट्रॉफी तथा उपविजेता तकीपुर की टीम को 2100 रुपये व ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। विश्वकर्मा यूथ क्लब के प्रधान रजत ने बताया कि प्रतियोगिता में 16 टीमों ने भाग लिया।
विधायक पवन काजल ने कहा कि युवा नशे से दूर रहकर खेलों में भागीदारी सुनिश्चित करें। खेलने से युवाओं का शारीरिक विकास होता है और वे मानसिक स्तर पर भी मजबूत बनते हैं। कुलथी से चौंधा तक सड़क निर्माण का टेंडर हो चुका है। प्रदेश सरकार की नाकामी के कारण इसके निर्माण में देरी हुई है।
अब विधायक निधि से लगभग 600 मीटर सड़क का निर्माण करवाया जा रहा है। सड़क के जिस हिस्से में अधिक दलदल रहता है, वहां कंक्रीट बिछाने के लिए साढ़े चार लाख रुपये अतिरिक्त स्वीकृत किए गए हैं। जल्द ही टारिंग कर सड़क को चकाचक कर दिया जाएगा। इस मौके पर मनोज, तनिष्क, सुजल, आशीष, कुलथी के उपप्रधान रविंद्र कुमार, दौलतपुर प्रधान सीमा भाटिया, हेमराज भाटिया और उपप्रधान सतीश सोनी मौजूद रहे।