संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। पीएमश्री राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कोटला बेहड़ के विद्यार्थियों ने खंड स्तरीय बाल मेले में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पुरस्कार अपने नाम किए। प्रधानाचार्य नरेश कुमार धीमान की अध्यक्षता में विद्यार्थियों ने इस मेले में भाग लिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रभारी एवं उपप्रधानाचार्य आशा रानी ने बताया कि राकेश शर्मा और राजकुमारी के नेतृत्व में कनिष्ठ वर्ग के 10 और वरिष्ठ वर्ग के 18 विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
प्रतियोगिताओं में सामूहिक नृत्य में वंश ठाकुर, कार्तिक, वंश शर्मा, सागर, रोहन और अंकित ने पहला स्थान हासिल किया। साइंस प्रोजेक्ट में आयुष ने दूसरा स्थान झटका। स्किट ड्रामा में श्रुति, अक्षिता, दीपाली, बबिता, आकृति और सोहानी की टीम तीसरे स्थान पर रही।
इसके अलावा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में कुशल और शतरंज में रोहित ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। एकल गायन के कनिष्ठ वर्ग में शिवानी और वरिष्ठ वर्ग में युवराज तीसरे स्थान पर रहे। भाषण प्रतियोगिता में खुशबू ने तीसरा स्थान हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
प्रार्थना सभा में प्रधानाचार्य नरेश कुमार धीमान ने सभी विजेता और प्रतिभागी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की।