धर्मशाला। जिला मुख्यालय धर्मशाला को सीधा मैक्लोडगंज से जोड़ने वाला खड़ा डंडा मार्ग अब वाहनों के लिए पूर्ण रूप से बहाल कर दिया गया है। यह मार्ग जोगीवाड़ा के पास बरसात के दौरान हुए भूस्खलन के कारण टूट गया था। इसके चलते वाहनों के लिए यह मार्ग लगभग तीन माह से बंद था। वाहन चालकों को धर्मशाला के कैंट मार्ग से गुजरना पड़ रहा था, जो काफी लंबा पड़ रहा था। अब वाहनचालकों के साथ-साथ पर्यटकों को भी लंबे रास्ते से गुजरने से राहत मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग की ओर से 25 लाख रुपये से इस का दोबारा निर्माण किया गया है। इससे पहले नगर निगम ने विभाग से सितंबर में राहगीरों को सड़क आर-पार करने के लिए अस्थायी रूप से लोहे के पुल का निर्माण किया था, लेकिन अब लोक निर्माण विभाग ने सड़क को पूर्ण रूप से तैयार कर दिया है। रविवार को मार्ग पर वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है। वाहनों की आवाजाही शुरू होने के बाद अब कोतवाली बाजार के कारोबार पर भी अच्छा असर पड़ेगा। इससे पहले सड़क के उस पार के लोग धर्मशाला न पहुंच पाने के कारण मैक्लोडगंज का ही रुख कर रहे थे, लेकिन अब लोग कोतवाली बाजार में अपनी रोजमर्रा में उपयोग होने वाली वस्तुओं को खरीदने के लिए कोतवाली पहुंच पाएंगे। साथ ही पर्यटक भी छोटे रास्ते से मैक्लोडगंज पहुंच पाएंगे। हालांकि, कर्मू मोड़ पर टूटी सड़क पर अब भी वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
धर्मशाला से मैक्लोडगंज को जोड़ने वाला खड़ा डंडा मार्ग लगभग तीन माह से बंद था। लोगों को राहत देने के लिए बीच में अस्थायी रूप से लोहे का पुल भी बनाया गया था लेकिन अब सड़क का निर्माण कर दिया गया है। सड़क को रविवार से बहाल कर दिया गया है।
- संजीव शर्मा, जेई, मैक्लोडगंज