शाहपुर (कांगड़ा)। जिला कांगड़ा फुटबाल एसोसिएशन की देखरेख में शाहपुर के खेल मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को मैदान पर जबरदस्त रोमांच देखने को मिला। बुधवार को कुल छह मुकाबले खेले गए, जिसमें वाईएफसी खड्ड और घरेलू टीम फुटबाल अकादमी शाहपुर ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
दिन के सबसे एकतरफा मुकाबले में वाईएफसी खड्ड ने टूर्नामेंट की अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज की। खड्ड के फॉरवर्ड खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए डीएफए बिलासपुर के डिफेंस को पूरी तरह विफल कर दिया और 6-0 से जीत हासिल की। वहीं, डीएफए शिमला और डीएफए हमीरपुर के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। रक्षात्मक खेल के बीच शिमला ने अंत में 1-0 की बढ़त बनाकर मैच अपने नाम किया।
फुटबाल अकादमी शाहपुर ने अपने होम ग्राउंड और स्थानीय दर्शकों के समर्थन का भरपूर फायदा उठाया। फुटबाल अकादमी शाहपुर की टीम ने डीएफए कांगड़ा को 4-0 से शिकस्त देकर अगले दौर में प्रवेश किया। एक अन्य मैच में डीएफए किन्नौर ने डीएफए सिरमौर को 3-0 से मात दी।
पांचवें मैच में साई फुटबाल अकादमी कांगड़ा ने अपना दबदबा कायम रखते हुए डीएफए सोलन को 3-0 से हराया। बुधवार के अधिकांश मैचों की खास बात यह रही कि विजेता टीमों ने विपक्षी को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया। इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन मंच मिल रहा है।