धर्मशाला के गणेश चुतर्थी पर निकाली शोभायात्रा में नाचते गाते भक्त। अमर उजाला
धर्मशाला। गणेश चतुर्थी पर सोमवार को धर्मशाला सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धा और उल्लास का माहौल रहा। धर्मशाला में राधा कृष्ण मंदिर कैंट रोड से गांधी वाटिका तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। भगवान गणेश की प्रतिमा को सजे-धजे रथ में विराजमान कर श्रद्धालु जयकारों के साथ चले। शोभायात्रा में भगवान शिव-पार्वती, राधा-कृष्ण और राम दरबार की धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। जगह-जगह लोगों ने गणपति के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
शोभायात्रा के गीता भवन पहुंचने पर पूजा-अर्चना के बाद गणेश प्रतिमा स्थापित की गई। श्री एकदंत सेवा समिति पुराना चढ़ी रोड कोतवाली बाजार के उपाध्यक्ष दीपक जोड़ा ने बताया कि यहां एक सप्ताह तक धार्मिक कार्यक्रम होंगे।
प्रतिदिन सुबह-शाम भजन-कीर्तन और शाम को कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। 24 सितंबर को भंडारा और 25 सितंबर को गीता भवन से चामुंडा मंदिर तक शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।
ज्वालामुखी में मंदिर में गूंजे जयकारे
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। ज्वालामुखी में भगवान गणेश कॉलोनी स्थित गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर भजन-कीर्तन और गणपति के जयकारों से गूंजता रहा। भक्तों ने लड्डुओं का भोग लगाकर सुख-समृद्धि की कामना की।
बैजनाथ में दो जगह स्थापित कीं प्रतिमाएं
बैजनाथ (कांगड़ा)। बैजनाथ में ऐतिहासिक शिव मंदिर की पार्किंग और पंडोल रोड पर गणेश प्रतिमाएं स्थापित की गईं। स्थापना से पहले भक्तों ने बैंड-बाजे के साथ प्रतिमाओं की नगर परिक्रमा करवाई। दोनों स्थानों पर 23 सितंबर तक शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। डाडासीबा में 10 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू डाडासीबा (कांगड़ा)। डाडासीबा में गणेश वेलफेयर सोसायटी की ओर से 10 दिवसीय गणेश महोत्सव शुरू किया गया। सदस्यों ने ढोल-नगाड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली और वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच प्रतिमा स्थापित की। महोत्सव के दौरान रोजाना सुबह-शाम आरती, भजन-कीर्तन, सुंदरकांड पाठ और हवन का आयोजन किया जाएगा।