सोशल मीडिया के जरिए खरीद-बिक्री का सौदा कर पड़ोसी की दुधारू गाय चोरी कर 15 हजार रुपये में बेचने का मामला सामने आया है। कांगड़ा के आलमपुर पुलिस चौकी के तहत गंदड़ गांव में हुई इस वारदात का पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से खुलासा किया है।
पुलिस ने मामले में स्थानीय निवासी राज ऋषि उर्फ रिशू को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गाय बेचने के बाद मिली रकम में से छह हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस अब बाकी नौ हजार रुपये की बरामदगी के साथ-साथ आरोपी की पिछली गतिविधियों की भी जांच कर रही है।
खेत से अचानक गायब हो गई थी गाय
पुलिस के अनुसार गंदड़ निवासी अमित शर्मा ने 25 सितंबर को अपनी दुधारू गाय को घर के पास खेत में चरने के लिए बांधा था। शाम के समय जब उन्होंने देखा तो गाय वहां से गायब थी। काफी तलाश के बावजूद जब गाय का कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार ने अपने स्तर पर करीब दो दिन तक उसकी तलाश की। सफलता नहीं मिलने पर 27 सितंबर को आलमपुर पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई गई।