जवाली (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली के तहत नगर पंचायत जवाली के कार्यालय में पहुंचकर जेई के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने का मामला सामने आया है।
नगर पंचायत जवाली में कार्यरत जेई माणिक गुुप्ता ने बताया कि वार्ड नंबर सात के निवासी शाम सिंह व उनका बेटा मंगलवार दोपहर को कार्यालय में आए तथा अनापत्ति प्रमाण पत्र बनाने को कहने लगे। इस पर जेई ने उन्हें खसरा नंबर पर मांगे गए अनापत्ति प्रमाण पत्र पर रोक लगे होने की बात बताई। जब माणिक ने संबंधित पटवारी को लेकर मौका देखने को आने की बात कही तो इस पर शाम सिंह व उनका बेटा साथ ही चलने को कहने लगे और कार्यालय में ही जेई की वीडियो बनानी शुरू कर दी।
उन्होंने बताया कि जब शाम सिंह व उनके बेटे को रोका गया तो धक्कामुक्की करने लगे। उसे लात-घूंसे और थप्पड़ मारे, जिससे उसके कान से सुनना बंद हो गया। शिकायत मिलने के उपरांत पुलिस ने जेई का सिविल अस्पताल में मेडिकल करवाया। डीएसपी सुरिंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शाम सिंह व उनके बेटे के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।