पपरोला में 33 केवी सब स्टेशन का उद्घाटन करते ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी
- फोटो : Kangra
बैजनाथ (कांगड़ा)। ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी ने पपरोला में साढ़े छह करोड़ की लागत से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र पपरोला और चार करोड़ 57 लाख की 33 केवी एचटी लाइन कंगैहन-चढ़ियार का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से चली आ रही सब स्टेशन की मांग पूरी हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश एक ऊर्जा राज्य के रूप में उभरा है। प्रदेश में दस हजार 940 मेगावॉट बिजली पैदा हो रही है, जिससे हम दूसरे राज्यों की बिजली की समस्या का भी समाधान कर रहे हैं।
पपरोला के 33 केवी सब स्टेशन से नगर पंचायत पपरोला समेत 15 पंचायतों के 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। 33 केवी एचटी लाइन कंगैहन चढ़िया (17 किमी) से 70 गांवों के लोग लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही बड़ा भंगाल में हाइड्रो पावर प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू करने के प्रयास किए जाएंगे। विधायक मुल्कराज प्रेमी ने कहा कि क्षेत्र में विभिन्न जगहों पर अनेक ट्रांसफार्मर लगाए जाने हैं। इस अवसर पर बैजनाथ मंडल अध्यक्ष भीखम कपूर, नगर पंचायत अध्यक्ष कांता देवी, कंचन शर्मा, अनिता सूद, राज्य विद्युत बोर्ड के मुख्य अभियंता जफर इकबाल, संयुक्त निदेशक बोर्ड अनुराग पराशर, अधिशासी अभियंता सुरिंद्र वर्मा, मोहित ठाकुर, विजय शर्मा, प्रदीप दीक्षित, अजय जंबाल, अश्वनी कुमार, संजय सोनी, सुरिंद्र कपूर, पंकज मेहरा उपस्थित रहे।