लंबागांव (कांगड़ा)। सोल बनेहड़ पंचायत के 16 वर्षीय छात्र अभिलाष की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ा दिया है। टांडा में उपचार के दौरान किशोर की मौत के बाद भड़के जन आक्रोश और थाने के बाहर हुए चक्का जाम को देखते हुए पुलिस ने सात युवकों को डिटेन कर पूछताछ शुरू कर दी है।
जमा दो कक्षा का छात्र अभिलाष बीते 27 अगस्त की शाम करीब चार बजे अपर लंबागांव स्थित ट्यूशन सेंटर के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। लापता होने के अगले दिन वह घर से महज 250 मीटर दूर पलाहनिया मोड़ के पास सड़क के किनारे बेसुध और बदहवास हालत में मिला। उसके पैरों में चप्पल तक नहीं थी।
गंभीर हालत को देखते हुए परिजन उसे नागरिक अस्पताल जयसिंहपुर ले गए, जहां से उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उपचार के दौरान छात्र ने आरोप लगाया था कि दो अज्ञात लोग उसे एक ट्राले में ले गए थे और जबरन कुछ पिलाकर सड़क किनारे छोड़ दिया। परिजनों के अनुसार अज्ञात जहरीले पदार्थ के सेवन के कारण रविवार को अभिलाष की मौत हुई थी।
सोमवार को अंतिम संस्कार के बाद गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने लंबागांव थाना का घेराव कर करीब साढ़े तीन घंटे तक सड़क पर चक्का जाम किया। माहौल तनावपूर्ण होता देख एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर और डीएसपी संदीप शर्मा मौके पर पहुंचे। उन्होंने निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाकर जाम खुलवाया था।
डीएसपी बैजनाथ संदीप शर्मा ने बताया कि सात युवाओं को डिटेन कर हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि दो दिन के भीतर मामले का पर्दाफाश किया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का भी सटीक खुलासा हो सकेगा।