बैजनाथ (कांगड़ा)। नगर परिषद बैजनाथ-पपरोला की पपरोला स्थित बूहली कोठी डंपिंग साइट पर मंगलवार रात को लगी आग के मामले में जांच तेज हो गई है। बुधवार को एसडीएम संकल्प गौतम ने घटनास्थल का दौरा कर पुलिस में शिकायत दी।
पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज की जांच की है। फॉरेंसिक टीम को भी सूचना दी गई है, जो वीरवार को घटनास्थल का दौरा करेगी।
बुधवार सुबह दोबारा आग सुलगने पर फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। पुलिस के अनुसार सीसीटीवी कैमरों की फिर से जांच की जाएगी। कैमरों के संचालन की जानकारी रखने वाला नगर परिषद का प्रतिनिधि उपलब्ध नहीं होने के कारण जांच पूरी नहीं हो सकी। आग की घटना में 35 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
एसडीएम संकल्प गौतम ने बताया कि पुलिस में शिकायत देने के बाद घटनास्थल का दौरा किया गया है। जल्द ही आग लगने के कारणों का पता चलने की उम्मीद है।