संसारपुर टैरेस (कांगड़ा)। थाना संसारपुर टैरेस के तहत एक निजी फैक्ट्री में नकली दवाइयों के निर्माण और कॉपीराइट उल्लंघन के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। वहीं, औषधि नियंत्रण विभाग ने जब्त की गई दवाइयों और अन्य सामग्री को बुधवार को न्यायालय में पेश कर दिया है।
इसके बाद यह सामग्री जांच के लिए प्रयोगशाला भेजी गई है, जिसकी रिपोर्ट आना अभी बाकी है। औषधि निरीक्षक संजीव कुमार ने बताया कि रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि दवाओं में किस तत्व की मात्रा कितनी थी और क्या वे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं या नहीं। यह रिपोर्ट मामले की अगली कार्रवाई की दिशा तय करेगी।
थाना प्रभारी संजय शर्मा ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई एक पंजीकृत दवा कंपनी की शिकायत पर की गई। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि संसारपुर टैरेस स्थित एक निजी फैक्ट्री में उनके ब्रांड नाम से नकली कामराज कैप्सूल तैयार किए जा रहे हैं। मंगलवार को पुलिस, औषधि विभाग और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों की टीम ने फैक्ट्री में छापा मारा और बड़ी मात्रा में नकली दवाइयों और सामग्री को जब्त किया गया।
डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने बताया कि नकली दवा निर्माण और कॉपीराइट उल्लंघन के आरोप में फैक्ट्री से जुड़े तीन प्रबंधकों के खिलाफ जांच जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि इस अवैध गतिविधि के लिए कच्चा माल कहां से लाया जा रहा था और तैयार दवाइयों को कहां सप्लाई किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद