धर्मशाला। उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला स्तरीय समीक्षा एवं बैंक सलाहकार समिति की बैठक हुई। बैठक में चालू वित्त वर्ष की प्रथम तिमाही के प्रदर्शन की समीक्षा करते हुए डीसी ने बताया कि जिले में बैंकों की कुल जमा राशि 52,775.32 करोड़ रुपये रही, जबकि 13,696.26 करोड़ रुपये के ऋण बांटे गए।
इस अवधि में ऋण-जमा अनुपात 25.95 प्रतिशत दर्ज किया गया। उपायुक्त ने ढगवार मिल्क प्लांट की क्षमता बनाए रखने के लिए डेयरी संचालकों व पशुपालकों को रियायती ऋण देने और केसीसी वितरण बढ़ाने पर जोर दिया। इसके अलावा, बैठक में चार बैंक शाखाओं के नजदीकी शाखाओं में विलय को मंजूरी दी गई। डीसी ने सामाजिक सरोकार के तहत जिले की प्रत्येक बैंक शाखा से कम से कम एक टीबी रोगी को ''निक्षय मित्र'' के रूप में गोद लेने का आह्वान भी किया। ब्यूरो