धर्मशाला। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जमानाबाद में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय आवासीय विशेष शिविर के तीसरे दिन सीबीएसई राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़ोह के प्रधानाचार्य महेश कुमार मुख्य रिसोर्स पर्सन के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार और सपना कुमारी ने उनका स्वागत कर सम्मानित किया।
महेश कुमार ने स्वयंसेवियों को निस्वार्थ भाव से देश सेवा करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए शिविर में स्वयंसेवियों के उत्साह और सेवा भावना की सराहना की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस दौरान कैंप लीडर ने शिविर की विभिन्न गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी मुख्य अतिथि को दी। उन्होंने स्वयंसेवियों को देश सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में इतिहास प्रवक्ता राजीव कुमार और कला अध्यापक सूरज डगोत्रा भी उपस्थित रहे। उन्होंने मुख्य अतिथि का स्वागत कर उनका आभार व्यक्त किया। संवाद