इंदौरा/ठाकुरद्वारा (कांगड़ा)। इंदौरा-मोहटली-पठानकोट सड़क के बंद होने से परेशान ग्रामीणों के समर्थन में पूर्व भाजपा विधायक रीता धीमान सामने आई हैं। सोमवार को उन्होंने क्षेत्र का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनीं और एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजाकर सड़क तुरंत बहाल करवाने की मांग उठाई।
दरअसल, मोहटली निवासी रघुबीर सिंह की भूमि पर लोनिवि ने बिना मुआवजा दिए सड़क बनाई थी। लंबे कानूनी संघर्ष के बाद अदालत ने भूमि स्वामी के पक्ष में फैसला सुनाया, जिसके तहत 19 जून को प्रशासन ने उन्हें कब्जा दिला दिया। इसके बाद मार्ग पर मिट्टी के ढेर व कांटेदार तार लगाकर इसे बंद कर दिया गया।
पिछले चार दिनों से यह मार्ग बंद होने के कारण मलोट औद्योगिक क्षेत्र सहित लगभग 30 से 40 पंचायतों के हजारों लोगों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है। रीता धीमान ने कहा कि यह सड़क क्षेत्र की जीवनरेखा है। सरकार कोर्ट के आदेश का सम्मान करते हुए भूमि मालिक को उचित मुआवजा दे, ताकि जनहित में रास्ता जल्द बहाल हो सके। संवाद