-लोगों के साथ कारोबारी भी परेशान, लगा रहे एजेंसियों के चक्कर
-कई कारोबारी काम सीमित करने पर मजबूर, जल्द समाधान की मांग
-
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में 10 दिनों से इंडेन गैस सिलिंडरों की सप्लाई नहीं आ रही है। इससे लोगों से लेकर कारोबारियों तक परेशान हैं। घरेलू और व्यावसायिक सिलिंडर समय पर न मिलने से हालात चिंताजनक हैं। बुकिंग कराने के बावजूद सिलिंडर समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। कई उपभोक्ता लगातार एजेंसियों के चक्कर काट रहे हैं। उन्हें केवल इंतजार करने को कहा जा रहा है।
घरों में सिलिंडर खत्म होने की स्थिति में लोग वैकल्पिक व्यवस्थाएं कर रहे हैं। कई परिवारों ने अस्थायी तौर पर इलेक्ट्रिक उपकरणों या लकड़ी-चूल्हे का सहारा लेना शुरू कर दिया है। होटल, ढाबा और छोटे रेस्टोरेंट संचालकों के सामने सबसे बड़ी चुनौती है। व्यावसायिक सिलिंडर न मिलने से कई कारोबारियों को काम सीमित करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर ऑनलाइन बुकिंग और डिलीवरी सिस्टम पर भी दबाव बढ़ा है जिससे सिलिंडर मिलने में देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों और कारोबारियों ने प्रशासन और गैस एजेंसियों से मांग की है कि सप्लाई व्यवस्था को जल्द सुचारू किया जाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके और कारोबार पर पड़ रहा असर कम हो सके।
कुछ समय से इंडेन गैस सिलिंडरों की सप्लाई नहीं आ रही है जिस कारण लोगों को सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं। एक-दो दिनों में सप्लाई आ जाएगी।
-पुरुषोतम सिंह, जिला नियंत्रक, खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, कांगड़ा