कृषि विवि पालमपुर में पौधारोपण करते हुए कुलपति डॉ. एके पांडास्त्रोत विवि
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर स्थित चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय में औषधीय पौधों के संरक्षण और पशु चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल की गई। विश्वविद्यालय के डॉ. जीसी नेगी पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय में पशु चिकित्सा औषधीय एवं पोषणीय उद्यान का उद्घाटन कुलपति डॉ. अशोक कुमार पांडा ने किया।
इस अवसर पर कुलपति ने राष्ट्रव्यापी एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत गिंग्को बिलोबा का औषधीय पौधा भी रोपित किया। उन्होंने सभी से अपनी माताओं के सम्मान में कम से कम एक औषधीय पौधा अथवा वृक्ष लगाने का आह्वान किया।
डॉ. पांडा ने पशु स्वास्थ्य देखभाल और सतत कृषि में औषधीय एवं पोषणीय पौध संसाधनों के महत्व को रेखांकित करते हुए इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में योगदान देने वाले दिनेश शर्मा, आरडी पाटिल और प्रशांत एस. दोंडकर के प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ प्राध्यापक पंकज सूद और आदर्श कुमार ने भी उद्यान परिसर में औषधीय पौधों का रोपण किया। वहीं संकाय सदस्य पल्लवी भारद्वाज सहित महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने पौधरोपण एवं जागरूकता कार्यक्रम में उत्साहपूर्वक भाग लिया।