संवाद न्यूज एजेंसी
बरियाल (कांगड़ा)। नगरोटा सूरियां में अवैध पार्किंग और वाहनों के अनियंत्रित खड़े होने से ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई है। बस स्टैंड, तीन वोटू चौक और तहसील मार्ग जैसे व्यस्त क्षेत्रों में सड़कों के दोनों ओर बेतरतीब खड़े दोपहिया और अन्य वाहन आवाजाही में बड़ी बाधा बन रहे हैं।
मुख्य मार्ग संकरे हो गए हैं। दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। खासकर तीन वोटू चौक से तहसील की ओर जाने वाले रास्ते पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। इससे लोगों को घंटों तक फंसे रहना पड़ता है। इस अव्यवस्था का असर न केवल स्थानीय निवासियों पर बल्कि क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों पर भी पड़ रहा है।
व्यापार मंडल नगरोटा सूरियां के अध्यक्ष शिव कुमार शर्मा और लोगों संजीव कुमार, अमित, अश्वनी, पवन कुमार, शुभम और पंकज आदि ने पुलिस प्रशासन से इन वाहन चालकों पर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। बढ़ते ट्रैफिक दबाव और ट्रैफिक पुलिस की कमी के चलते व्यस्त समय में जाम लगना आम बात बन चुकी है।
इस बारे में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्म चंद वर्मा का कहना है कि अवैध पार्किंग और अनियंत्रित खड़े वाहनों की समस्या को लेकर संबंधित एसएचओ को व्यापार मंडल के साथ बैठक करने के लिए कहा गया। ताकि समस्या से निपटने के लिए रणनीति बनाई जा सके और लोगों को राहत मिल सके।