बरियाल (कांगड़ा)। पठानकोट-जोगिंद्रनगर ट्रैक पर रेल सेवा बहाल न होने पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है। डलहौजी रोड के नजदीक चक्की खड्ड रेलवे पुल निर्माण में चार साल और कोपड़लाहड़ रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक और डंगों के निर्माण में छह माह का समय लग गया। इससे जिलावासियों में रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि रेलगाड़ियों की बहाली में रेलवे बोर्ड की ओर से तारीख पर तारीख दी जा रही है। नंदपुर विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुखलाल गोदारा ने प्रेसवार्ता में कहा कि रेलवे बोर्ड ने यदि वायदे अनुसार अब 26 जनवरी तक रेलगाड़ियों की बहाली नहीं की तो संघर्ष समिति जिला कांगड़ा के लोगों को साथ लेकर रेलवे बोर्ड के साथ केंद्र सरकार के खिलाफ फरवरी में आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने रेल मंत्रालय व उत्तर रेलवे महाप्रबंधक से सवाल किया कि रेलवे पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण इस रेलमार्ग के संचालन के संदर्भ में अपनी स्थिति स्पष्ट करे। उन्होंने केंद्र सरकार, रेल मंत्रालय, उत्तर रेलवे, कांगड़ा के सांसद और स्थानीय नेताओं को रेलमार्ग की उचित पैरवी, संचालन और उचित रखरखाव पर कड़ाई से ध्यान देने को कहा नहीं तो हिमाचल के सबसे बड़ा जिला कांगड़ा की जनता 2027 के विधानसभा व 2029 के लोकसभा चुनाव में सबक सिखाने के लिए तैयार है। उत्तर रेलवे महाप्रबंधक अशोक वर्मा ने बताया कि चक्की खड्ड रेलवे पुल पर रोजाना रेल इंजन का ट्रायल किया जा रहा है। अभी तक कोई पक्की तारीख तय नहीं हुई है। रेलवे की तकनीकी टीम की ओर से रिपोर्ट आने के बाद रेलगाड़ियां बहाल कर दी जाएंगी। उन्होंने आश्वासन दिया कि जनवरी अंत तक पूरे रेल ट्रैक का ट्रायल पूरा कर लिया जाएगा।