ज्वालामुखी (कांगड़ा)। विश्व विख्यात शक्तिपीठ ज्वालामुखी और आसपास के क्षेत्रों में खस्ताहाल सड़कों की दशा पर भाजपा ने कड़ा एतराज जताया है। पार्टी नेताओं ने सात दिन के भीतर सड़कों की मरम्मत न होने पर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ उग्र धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है। नेताओं ने कहा कि आंदोलन से उत्पन्न किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग की होगी।
जिला देहरा भाजपा अध्यक्ष अजय खट्टा, महामंत्री उपेंद्र धीमान, सुशील कालिया, उपाध्यक्ष विजय मेहता, जिला प्रवक्ता पूजा डोंगर, मीडिया प्रभारी अंशुमन शर्मा और ज्वालामुखी भाजपा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष रामस्वरूप शास्त्री ने कहा कि धार्मिक स्थल ज्वालामुखी में रोजाना देश भर से हजारों श्रद्धालु नतमस्तक होने पहुंचते हैं। इसके बावजूद मुख्य मार्गों पर जगह-जगह जानलेवा गड्ढे पड़े हैं। धार्मिक और पर्यटन केंद्र होने के बाद भी सड़कों की ऐसी बदहाली से श्रद्धालुओं, स्थानीय कारोबारियों और जनता में गहरा रोष पनप रहा है। बदहाल सड़कों के कारण क्षेत्र में लगातार हादसे हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि शहर में अधिशासी अभियंता कार्यालय होने के बावजूद व्यवस्था बेपरवाह बनी हुई है। बार-बार शिकायतों के बाद भी विभाग ने कोई संज्ञान नहीं लिया।