पीसी विश्वकर्मा ने रेलवे मंडल जम्मू पर अनदेखी के लगाए आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बरियाल (कांगड़ा)। भारत जोड़ो अभियान और लोकतांत्रिक राष्ट्र निर्माण अभियान की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य पीसी विश्वकर्मा ने रेलवे मंडल जम्मू पर आरोप लगाया है कि पठानकोट-जोगिंद्रनगर नैरोगेज सेक्शन पर पिछले 12 साल से रेल यातायात व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित है। फिर भी रेलवे बोर्ड को कांगड़ा की जनता की जरा भी परवाह नहीं है।
उन्होंने कहा कि केंद्र में जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से ही रेल ट्रैक का भट्ठा बैठा दिया है। रेलवे स्टेशनों की हालत ठीक नहीं, यात्रियों को ट्रेन का इंतजार करने को कोई रिटायरिंग रूम और वाश रूम की माकूल व्यवस्था नहीं है। पीसी विश्वकर्मा ने कहा कि उनके नेतृत्व में यहां की जनता की तरफ से हमने चार बार जंतर मंतर दिल्ली में धरना-प्रदर्शन किए और पीएमओ को ज्ञापन सौंपे, लेकिन कोई पुख्ता या पक्का सुधार नहीं है।
कहा कि पिछले चार साल से चक्की के पुल का निर्माण नहीं हो सका, जबकि अंग्रेजी हुकूमत के तीन साल में अनेकों पुल बनाए और 130 किलोमीटर ट्रैक बिछा कर नई ट्रेन इंट्रोड्यूस कर दी थी और भारतीय हुकूमत चार साल में एक पुल भी तैयार नहीं कर पाई।
पीसी विश्वकर्मा ने मांग की कि जोगिंद्रनगर से पठानकोट तक ऑल वैदर ट्रैक को सुरक्षित करें। ट्रैक के किनारे पहाड़ियों को सील करें ताकि पत्थर ट्रैक पर न गिरें, ट्रेनें बंद रखना कोई हल नहीं है। पीसी विश्वकर्मा ने चेतावनी दी कि यदि 9 अगस्त तक सभी टेंनें बहाल न हुईं तो वे 10 अगस्त को जंतर मंतर पर प्रदर्शन करेंगे और पीएमओ, राष्ट्रपति, रेलवे मंत्री को ज्ञापन सौंप कर जनता की तकलीफ से अवगत करवाएंगे।