रक्कड़ (कांगड़ा)। पुलिस जिला देहरा की विशेष इकाई (पीओएमपीयू) ने करीब 13 साल पुराने लड़ाई-झगड़े के मामले में फरार चल रहे उद्घोषित अपराधी (पीओ) पति-पत्नी को पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से न्यायालय द्वारा जारी समन और वारंट की अवहेलना कर रहे थे, जिसके चलते अदालत ने पिछले साल 11 अगस्त, 2025 को दोनों को उद्घोषित अपराधी घोषित किया था।
एसपी देहरा मयंक चौधरी ने कहा कि गिरफ्तार किए अपराधियों की पहचान सुरेश कुमार और उसकी पत्नी सीमा देवी के रूप में हुई है। पुलिस टीम ने दोनों को पंजाब के होशियारपुर स्थित चोहाल न्यू कॉलोनी क्षेत्र से दबोचा। गिरफ्तारी के बाद दोनों को पुलिस थाना रक्कड़ लाया गया, जहां से उन्हें अदालत में पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जिला कारागार धर्मशाला भेज दिया गया है।
भगोड़ों को पकड़ने के लिए गठित पुलिस जिला देहरा की पीओएमपीयू टीम की यह एक और बड़ी कामयाबी है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ वर्ष 2012-13 में रक्कड़ थाने में लड़ाई-झगड़े का मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद से वे लगातार पुलिस और अदालत को चकमा दे रहे थे। इस ताजा गिरफ्तारी के साथ ही देहरा पुलिस की विशेष टीम अब तक कुल 7 उद्घोषित अपराधियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा चुकी है।