धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में ओबीसी समुदाय के अधिकारों और सांविधानिक हक की रक्षा को लेकर चौधरी फाउंडेशन ने बड़ा कदम उठाया है। संगठन 20 सितंबर को ओबीसी सामाजिक न्याय यात्रा का नेतृत्व करेगा, जो कांगड़ा से प्रारंभ होकर धर्मशाला तक पहुंचेगी।
चौधरी फाउंडेशन धर्मशाला अध्यक्ष रजनीश चौधरी लोकू ने बताया कि यात्रा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं और संगठन के हर सदस्य अपने स्तर पर इस आंदोलन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। इस यात्रा में समुदाय के लोगों को हुजूम उमड़ेगा। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य केवल यात्रा करना नहीं है, बल्कि ओबीसी समाज के अधिकारों को सुनिश्चित करना और उनकी आवाज बुलंद करना है।
लोकू ने बताया कि चौधरी फाउंडेशन पिछले चार साल से 93वें सांविधानिक संशोधन की मांग उठा रहा है। इसके लिए उन्होंने ओबीसी कल्याण मंडल और क्षत्रिय घृत बाहती चाहंग संगठनों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री से भी मुलाकात की थी। सरकार की तरफ से उचित कार्यवाही न होने के कारण उन्होंने ओबीसी कल्याण समिति बनाई है, जो सभी ओबीसी वर्ग के संगठनों को एकजुट कर इस लड़ाई को बड़े पैमाने पर सरकार के खिलाफ लड़ने का कार्य कर रही है।