देहरा में नारेबाजी करते एचआरटीसी के सेवानिवृत्त कर्मचारी। -स्रोत : मंच
देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। एचआरटीसी सेवानिवृत्त कर्मचारी कल्याण मंच ने लंबित वित्तीय लाभ और एरियर का भुगतान न होने पर प्रदेश सरकार व निगम प्रबंधन के खिलाफ कड़ा रोष जताया है। मंगलवार को देहरा में आयोजित मासिक बैठक में पेंशनरों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उनकी देनदारियों का भुगतान नहीं हुआ, तो वे उग्र आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंच के जिला अध्यक्ष चमन लाल पुंडीर ने कहा कि परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने वाले कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद अपने ही हकों के लिए भटकना पड़ रहा है। अन्य विभागों की तर्ज पर एचआरटीसी पेंशनरों को भी समय पर एरियर मिलना चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार व प्रबंधन के समक्ष कई बार मुद्दा उठाने के बावजूद कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई, जिससे बुजुर्ग पेंशनरों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मंच के पदाधिकारियों और वक्ताओं ने कहा कि समस्याओं को टालने के बजाय समाधान के लिए समयबद्ध कदम उठाए जाएं। लगातार अनदेखी से पेंशनरों में भारी असंतोष है।
बैठक में भाग लेने वाले करीब 70 सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं रखीं और आगामी आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों को लेकर जल्द ही विरोध का आगामी कार्यक्रम तय किया जाएगा।