धर्मशाला में मांगों के लिए रैली निकालते हुए एचआरटीसी पेंशनर कल्याण संघ के सदस्य। संवाद
- फोटो : Kangra
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम पेंशनर्स कल्याण संगठन जिला कांगड़ा ने रैैली निकालकर डीसी के माध्यम से प्रदेश सरकार को ज्ञापन भेजा। इस दौरान आठ जून को शिमला में हुए विरोध प्रदर्शन करने वाले एचआरटीसी कर्मचारियों पर दर्ज किए गए पुलिस मामले को रद्द करने की मांग की गई। एचआरटीसी पेंशनर्स ने सरकार को चेतावनी दी है कि अगर उनकी जायज मांगों का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो चुनाव में नोटा का बटन दबाया जाएगा।
संगठन की धर्मशाला इकाई के अध्यक्ष रमेश वालिया ने बताया आठ जून को संघ के कार्यकर्ताओं ने शिमला में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध प्रदर्शन किया था। इसके बावजूद उन पर पुलिस की तरफ से झूठे मामले बनाए गए। हमारी मांग है कि वह सारे झूठे मामले वापस लिए जाएं। उन्होंने कहा कि पेंशनर्स की पेंशन का आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। दो वर्षों से पेंशनर्स के चिकित्सा भत्ते भी रोक दिए गए हैं।
वहीं प्रदेश के हजारों पेंशनर्स को अगस्त महीने में भी जुलाई की पेंशन का भुगतान नहीं किया गया है। इन तमाम मांगों को लेकर आज पूरे प्रदेशभर में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने धरना-प्रदर्शन किया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर आने वाले समय में पेंशनर्स की मांगों का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो फिर से सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में सड़कों पर उतरेंगे।