थुरल कॉलेज में निरीक्षण टीम का स्वागत करतीं प्राचार्य डॉ. राका शर्मा। -स्रोत : संस्थान
थुरल (कांगड़ा)। महाराजा संसार चंद राजकीय महाविद्यालय थुरल में शनिवार को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला की निरीक्षण समिति ने दौरा किया। यह निरीक्षण आगामी शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए महाविद्यालय की संबद्धता के नवीनीकरण और विभिन्न पाठ्यक्रमों की व्यवस्था जांचने के उद्देश्य से किया गया।
कॉलेज पहुंचने पर प्राचार्य राका शर्मा ने निरीक्षण दल का औपचारिक स्वागत किया। एचपीयू की उच्च स्तरीय निरीक्षण समिति में प्रो. शमशेर सिंह कामर, प्रो. अरविंद कालिया, डॉ. बलबीर सिंह पटियाल और राजकीय महाविद्यालय पालमपुर के प्राचार्य डॉ. पंकज सूद शामिल रहे। टीम ने मुख्य रूप से बीए, बीकॉम, बीएससी (मेडिकल एवं नॉन-मेडिकल) और बीसीए पाठ्यक्रमों की संबद्धता के संदर्भ में कॉलेज की ढांचागत और शैक्षणिक सुविधाओं का मूल्यांकन किया।
समिति ने कॉलेज परिसर का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने कॉलेज कार्यालय, समृद्ध पुस्तकालय, खेल मैदान, कैंटीन, आईटी लैब, स्मार्ट क्लासरूम, फैकल्टी रूम और परीक्षा हॉल की व्यवस्थाओं को जांचा। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों पर संतोष जताते हुए बेहतरी के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान समिति के सदस्यों ने केवल फाइलों तक ही सीमित न रहकर छात्रों और शिक्षकों के साथ सीधा संवाद भी किया। उन्होंने छात्रों को भविष्य में आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया और उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन दिया। साथ ही, कॉलेज परिसर को और अधिक छात्र-हितैषी बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।