पालमपुर/ धर्मशाला (कांगड़ा)। जिले में बुधवार रात और वीरवार सुबह हुई बारिश से भारी नुकसान हुआ है। दो मकान और एक गोशाला गिर गई है वहीं, आधा दर्जन मकानों को नुकसान पहुंचा है। उपमंडल पालमपुर क ेभवारना ब्लॉक की पंचायत कुरल में एक वृद्ध महिला की मकान गिरने से मलबे दब कर मौत हो गई है। हालांकि, घर के अन्य लोग बाहर या दूसरे कमरे में थे, अन्यथा एक बड़ा हादसा हो सकता था। यह हादसा वीरवार सुबह को हुआ है। बुजुर्ग का पोस्टमार्टम कर दाह संस्कार कर दिया गया। महिला अपनी बेटी के पास रहती थी। प्रशासन की ओर से बीस हजार फौरी राहत दे दी गई है। जानकारी के अनुसार भवारना ब्लॉक की कुरल पंचायत के मट्ट गांव में वीरवार सुबह एक मकान भारी बारिश के कारण गिर गया। इससे उपरी मंजिल पर बैठी महिला भोटली देवी (85) इसमें दब गई, जिसे बाहर निकाला गया तो उसकी मौत हो गई थी। बताया जाता है कि वीरवार सुबह भारी बारिश से जब यह मकान गिरा तो मृतका की बेटी अपनी पशुशाला में गई थी, जबकि साथ बनाए गए पक्के मकान में बच्चे भी सोए थे, जबकि मृतका नए मकान से उठ कर सुबह चाय बनाने के लिए कच्चे मकान में गई थी। इस बीच यह हादसा हो गया। गांव के लोगों ने बड़ी मुश्किल से महिला को निकाला तो तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। प्रशासन की ओर से सुलह से गए नायब तहसीलदार अब्दुल वसीम ने 20 हजार रुपये पीड़ित परिवार को दिए। तहसीलदार पालमपुर वेद प्रकाश अग्निहोत्री ने कहा कि प्रशासन घटना का पता चलते ही मौके पर पहुंच गया था। जिस पर बीस हजार फौरी राहत के दिए। उधर, डीएसपी पालमपुर अमित शर्मा ने कहा कि पुलिस ने मृत महिला का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को शव दे दिया।
वहीं विकास खंड धर्मशाला की पासू ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर चार में एक मकान मूसलाधार बारिश से क्षतिग्रस्त हो गया। भारी बारिश के कारण कच्चे मकान की एक दीवार गिरने के कगार पर पहुंच गई है। इस कारण साथ लगते अन्य मकान को भी खतरा पैदा हो गया है। मकान मालिक स्वरूप कुमार ने बताया कि बारिश के कारण उनके रिहायशी मकान को खतरा पैदा हो गया है। उन्होंने कहा कि अपने क्षतिग्रस्त मकान के बारे में उन्होंने पंचायत सहित पटवार सर्किल के पटवारी को भी मौके का मुआयना करवाया है। उन्होंने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है गिरने की कगार पर पहुंचे उनके मकान की सुध ली जाए और उन्हें कुछ आर्थिक राशि मुहैया करवाई जाए।
सुभाष नगर में भूस्खलन से मकान को नुकसान
खैरा (कांगड़ा)। जयसिंहपुर उपमंडल की द्रमण पंचायत के तहत सुभाषनगर में बुधवार रात को हुई भारी बारिश से हुए भूस्खलन के कारण एक मकान को काफी नुकसान हुआ है। द्रमण पंचायत सुभाषनगर निवासी प्यार चंद के घर से जुड़ी ढांक में भूस्खलन होने से मकान और उसकी नींव को नुकसान पहुंचा है। जिससे मकान को खतरा बना हुआ है। प्यार चंद का कहना कुछ वर्ष पूर्व साथ के गांव के लिए सड़क निकाली गई थी । इस पर विभाग की ओर से उनके घर के साथ ढंग लगाने का आश्वासन दिया गया था, ताकि मकान को किसी प्रकार को कोई खतरा न रहे, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी विभाग ने डंगा नहीं लगाया। मकान को बचाने के लिए ग्रामीण युवाओं की मदद से घर को तिरपाल लगाया गया है। इसकी सूचना स्थानीय को पंचायत को भी दे दी गई । हल्का पटवारी नितिन ने बताया कि मौके पर जा कर नुकसान का जायजा लिया है। इसकी जानकारी आलाधिकारियों को भेज दे जाएगी।
बारिश से गिरी मकान की दीवार
बाल-बाल बचा प्रवासी परिवार
पासू में वीरवार सुबह पेश आया हादसा, पटवारी ने किया मौके का मुआयना
संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मशाला। ग्राम पंचायत पासू में भारी बारिश से वीरवार सुबह एक रिहायशी मकान की दीवार गिर गई। इस हादसे में इस मकान में रह रहा प्रवासी परिवार बाल-बाल बचा है, जबकि मकान की दीवार गिर कर साथ लगती सड़क पर पहुंच गई। इस हादसे कोई जानी नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन दीवार गिरने से अब पूरे मकान को खतरा पैदा हो गया है। जानकारी के अनुसार वीरवार सुबह करीब तीन बजे भारी बारिश के कारण सुनील कुमार, पुत्र स्व. श्रीधर निवासी ग्राम पंचायत पंचायत पासू के रिहायशी मकान की एक तरफ की दीवार गिर गई। इस मकान को सुनील कुमार ने एक प्रवासी परिवार को किराये पर दे रखा था। जिस समय यह हादसा हुआ, उस समय प्रवासी परिवार साथ लगते कमरे में सो रहा था। अगर मकान पूरा गिर जाता तो जानी नुकसान हो सकता था। वहीं अब लगातार हो रही बारिश के कारण पूरे मकान को खतरा पैदा हो गया है। वीरवार को पटवार सर्किल पासू के पटवारी ने भी मौके का मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नुकसान का एस्टीमेट बना कर विभाग को भेजा जाएगा, उसके बाद ही पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाएगी।
मैझा पंचायत के घड़ोरल में गिरी पशुशाला
सिद्धपुर सरकारी-घड़ोरल सड़क क्षतिग्रस्त होने से मकान को खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
पालमपुर (कांगड़ा)। इलाके की मैंझा पंचायत के गांव घड़ोरल में बारिश से एक पशुशाला गिर गई, जिससे पशुशाला के मालिक को करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। साथ ही इसी गांव के सिद्धपुर सरकारी-घड़ोरल सड़क क्षतिग्रस्त होने से अनित कुमार के मकान को खतरा बना हुआ है। जानकारी के अनुसार मैंझा पंचायत के गांव घड़ोरल में भारी बारिश के कारण संतोष कुमार की पशुशाला गिर गई। हालांकि, पशुशाला के अंदर कोई पशु नहीं था, लेकिन सारी पशुशाला गिरने से संतोष कुमार को करीब एक लाख रुपये से अधिक नुकसान हुआ है। इसकी सूचना पंचायत प्रधान को दी गई। उन्होंने मौके पर जा कर इसकी निरीक्षण भी किया। पंचायत प्रधान सुभाषना देवी ने कहा कि घड़ोरल गांव में संतोष कुमार की पशुशाला गिरने से उसे भारी नुकसान हुआ है। गरीब परिवार से होने के कारण उन्होंने प्रशासन से संतोष कुमार की मदद
करने की मांग की है। कहा कि हलका पटवारी ने भी इसका मौका कर लिया है, जबकि इसी गांव में सिद्धपुर सरकारी-घड़ोरल सड़क क्षतिग्रस्त होने से अनित कुमार के घर को खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से इसे ठीक करने की मांग की है।