शिक्षा मंत्री ने कंडवाड़ी स्कूल में 60 लाख से निर्मित साइंस ब्लाॅक का किया शुभारंभ कमलेहड़ में डे बोर्डिंग स्कूल के प्रथम चरण में बन रहे भवन के कार्य का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
पालमपुर (कांगड़ा)। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शनिवार को राजकीय उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कंडवाड़ी में 60 लाख रुपये की लागत से निर्मित अतिरिक्त साइंस ब्लॉक का पालमपुर के विधायक आशीष बुटेल की मौजूदगी में लोकार्पण किया। उन्होंने पालमपुर विधानसभा क्षेत्र के कमलेहड़ में 5 करोड़ की लागत से डे बोर्डिंग स्कूल के प्रथम चरण में बन रहे भवन के कार्य का निरीक्षण भी किया।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए दृढ़ संकल्पित है और इसी के दृष्टिगत हर विधानसभा क्षेत्र में एक राजीव गांधी मॉडल डे-बोर्डिंग स्कूल खोलने का निर्णय सरकार ने लिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने के लिए विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचा विकसित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल को शुरुआती दौर में पांचवीं कक्षा से शुरू होकर इन्हें बाद में इसे 12वीं कक्षा तक स्तरोन्नत किया जाएगा। विधायक पालमपुर आशीष बुटेल ने कहा कि पालमपुर विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को तेजी प्रदान करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में वर्तमान सरकार हिमाचल के हर क्षेत्र के समुचित विकास के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने मंत्री के समक्ष कुछ मांगें भी रखीं। शिक्षा मंत्री ने ग्राउंड में हाई मास्क लाइट, चारदीवारी और विक्रम बतरा राजकीय महाविद्यालय में 6 करोड़ की लागत से बनने वाले हॉस्टल की घोषणा की। इसके साथ ही गोपालपुर में बलिदानी राकेश कुमार की प्रतिमा बनाने की घोषणा की।
शिक्षा मंत्री ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 25 हजार रुपये देने की घोषणा की। इस मौके पर एसडीएम पालमपुर नेत्रा मैती, वूल फेडरेशन के डायरेक्टर त्रिलोक चंद, एडवोकेट लोकेंद्र ठाकुर, मदन दीक्षित, डिप्टी डायरेक्टर उच्च शिक्षा विकास महाजन, उपनिदेशक निरक्षण एवं गुणवत्ता शिक्षा कंचन ज्योति, एसई लोक निर्माण विभाग बीएम ठाकुर, अधिशासी अभियंता विनीत शर्मा समेत अन्य अधिकारी और लोग मौजूद रहे।