नूरपुर ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर के प्रांगण में वीरवार को दो दिवसीय होली महोत्सव का आगा
नूरपुर (कांगड़ा)। नूरपुर के ऐतिहासिक श्री बृजराज स्वामी मंदिर के प्रांगण में वीरवार को दो दिवसीय होली महोत्सव का आगाज फूलों की होली के साथ हुआ। राजा साहब दशहरा एवं रामलीला क्लब की ओर से मंदिर कमेटी के सहयोग से फूलों की होली मनाई गई। इस अवसर पर स्थानीय लोगों के साथ आसपास के क्षेत्र के लोगों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रीकृष्ण भक्तों में फूलों की होली को लेकर काफी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही कृष्ण भक्त मंदिर में पहुंचने शुरू हो गए।
इस दौरान वृंदावन के प्रसिद्ध भजन गायक कुंज बिहारी दास ने अपनी सुरीले भजनों से मौजूद भक्तों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस मौके पर भक्तों ने वृंदावन की होली की तरह फूलों की होली का कृष्ण भक्तों ने बहुत आनंद उठाया। वीरवार दोपहर दो बजे शुरू हुआ कार्यक्रम शाम के सात बजे तक चलता रहा। इस मौके पर राजा साहब दशहरा एवं रामलीला क्लब के अध्यक्ष गौरव महाजन और उनके परिवार की ओर से भक्तों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई। इस मौके पर पूर्व विधायक अजय महाजन, वन विकास निगम के निदेशक योगेश महाजन, मंदिर कमेटी के उपाध्यक्ष देवेंद्र शर्मा सहित कई गणमान्य लोग और कृष्ण भक्त मौजूद रहे।