नूरपुर में एसएसबी जवान संजीव कुमार को सलामी देते हुए जवान। स्रोत: पाठक
नूरपुर (कांगड़ा)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) में हेड कांस्टेबल नूरपुर के संजीव कुमार (46) का तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। वह नूरपुर नगर परिषद के वार्ड आठ के निवासी थे और पश्चिम बंगाल में एसएसबी कैंप रानीडंगा में तैनात थे।
रविवार सुबह उनका पार्थिव शरीर नूरपुर पहुंचाया। एसएसबी से आए जवानों ने राजकीय सम्मान के साथ संजीव कुमार को अंतिम विदाई दी। संजीव कुमार अपने पीछे अपनी मां (70), पत्नी इंदू (44) और पांच वर्षीय बेटी को छोड़कर पंचतत्व में विलीन हो गए। एसएसबी से आए हुए एसजीडी पुरुषोत्तम ठाकुर ने बताया कि संजीव कुमार की कैंप में तबीयत बिगड़ गई और शुक्रवार को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
नगर परिषद अध्यक्ष अशोक शर्मा सहित एसएसबी और पुलिस की टीम ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। एसएसबी की तरफ से उनकी माता और पत्नी को फौरी राहत प्रदान की गई। इस मौके पर एसएसबी की तरफ से अनंत शर्मा, विजय और जयराम शर्मा के साथ अन्य ने संजीव कुमार को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।