अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। महज 22 वर्ष की आयु में हिमाचल प्रशासनिक सेवा (एचएएस) परीक्षा उत्तीर्ण करने वालीं राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला की छात्रा दिव्या ज्योति कटोच शनिवार को कॉलेज पहुंचीं। वर्तमान में वह उपायुक्त कार्यालय में बतौर तहसीलदार प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। उनकी इस उपलब्धि पर महाविद्यालय में भव्य स्वागत किया गया।
प्राचार्य प्रो. राकेश पठानिया, अंग्रेजी विभागाध्यक्ष डॉ. नरेश शर्मा सहित समस्त स्टाफ ने उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्राचार्य ने कहा कि दिव्या की सफलता उनके कठिन परिश्रम का परिणाम है। इससे महाविद्यालय की प्रतिष्ठा भी बढ़ी है। डॉ. नरेश शर्मा ने बताया कि दिव्या शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं। राजनीतिक विज्ञान विभाग के प्रो. अश्वनी चौधरी और प्रो. संजय ने भी लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।
सिविल लाइन क्षेत्र की निवासी दिव्या वर्ष 2024 बैच की पासआउट हैं। उन्होंने राजनीतिक विज्ञान विषय में अध्ययन किया। वर्ष 2025 में प्रथम प्रयास में ही एचएएस की परीक्षा पास की। उन्होंने सफलता का श्रेय पिता भूपिंद्र चंद कटोच, माता अनुपमा कटोच और शिक्षकों को दिया। दिव्या ने छात्रों को संदेश दिया कि सफलता के लिए निरंतर मेहनत, अनुशासन और सही रणनीति जरूरी है।