धर्मशाला/पालमपुर(कांगड़ा)। जिले में पिछले दो दिन से लगातार जारी बारिश से किसानों को धान की फसल बटोरने की चिंता सताने लगी है। खेतों में धान की फसल पक कर तैयार है और इसकी कटाई का काम भी शुरू कर दिया है। खेतों में काट कर रखी धान की फसल बारिश के चलते इकट्ठे हुए पानी में तैरने लगी है। वहीं, खड़ी फसल तेज हवाओं के कारण खेतों में बिछ गई है। लगातार जारी बारिश से किसानों को मौसम साफ होने के दौरान ही फसल की कटाई करने की सलाह कृषि विभाग ने दी है।
जिला के निचले क्षेत्रों में बारिश-अंधड़ और पहाड़ों पर हल्के हिमपात के बाद शीतलहर चल रही है। रविवार रात को गर्जना और तेज हवा के साथ शुरू हुई बारिश सोमवार दिन भर जारी रही। इससे तापमान में गिरावट के कारण लोग भी गर्म कपड़ों में लिपटे हुए नजर आए। कई किसानों ने अपनी धान की फसल काट ली है, लेकिन वह खेतों में पड़ी है। इससे आगामी दिनों में भी बारिश जारी रही तो फसल खराब होने की संभावना बढ़ गई है। किसान प्यार चंद, प्रदीप गोस्वामी, सुनील कुमार, उत्तम गोस्वामी, चतर सिंह, राजेंद्र कुमार ने कहा कि लगातार दो दिन बारिश से उनकी काटी गई धान की फसल अब खेतों में तैरने लगी है।
कृषि विभाग के जिला उपनिदेशक डॉ. कुलदीप धीमान ने कहा कि किसान मौसम के अनुरूप जानकारी को देख धान की कटाई करें। खेतों में पानी न खड़ा होने दें, जिससे धान की फसल को अधिक नुकसान न हो। उन्होंने किसानों से आग्रह किया है कि मंगलवार तक मौसम का रुख देखकर ही कटाई करें।