राजकीय बरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पधर में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर शिक्षा उपनिदेशक कार्यलय से
बरियाल (कांगड़ा)। जवाली विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पधर में जमा एक व जमा दो के बच्चों को पढ़ाने के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हारचक्कियां से प्रवक्ता आएंगे। इसकी शनिवार को उच्च शिक्षा उपनिदेशक कांगड़ा कार्यालय से अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हारचक्कियां के अंग्रेजी व हिंदी के प्रवक्ता सोमवार से बुधवार तक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पधर में जमा एक व जमा दो के बच्चों को पढ़ाएंगे, जबकि हिस्ट्री और पॉलिटिकल साइंस के प्रवक्ता वीरवार से शनिवार तक इन बच्चों को पढ़ाएंगे।
उल्लेखनीय है कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पधर में जमा एक व दो के बच्चों को पढ़ाने के लिए कोई भी प्रवक्ता नहीं है। इस कारण बच्चों ने दूसरे स्कूल में पलायन करना शुरू कर दिया है। इस बार केवल 12 बच्चों ने ही स्कूल में प्रवेश लिया है। इस समस्या को लेकर अमर उजाला ने अपने शनिवार के अंक में पधर स्कूल में न प्रधानाचार्य और न ही 11वीं-12वीं को पढ़ाने वाले अध्यापक शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इस पर संज्ञान लेते हुए शिक्षा विभाग ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल हारचक्कियां से चार प्रवक्ताओं की अस्थायी तौर पर नियुक्ति कर दी है। अब ये प्रवक्ता तीन दिन पधर व तीन दिन हारचक्कियां स्कूल में पढ़ाएंगे। वहीं इस संदर्भ में उपनिदेशक उच्च शिक्षा कांगड़ा विकास महाजन ने कहा कि स्कूल में बारी-बारी से पढ़ाने बारे अधिसूचना जारी कर दी गई है।
राजकीय बरिष्ठ माध्यमिक स्कूल पधर में शिक्षकों की नियुक्ति को लेकर शिक्षा उपनिदेशक कार्यलय से