कांगड़ा। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस न होती तो आज का हिमाचल इस आधुनिक स्वरूप में अस्तित्व में नहीं होता। राज्य के गठन से लेकर इसे पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने और विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में पार्टी की भूमिका निर्णायक रही है। वह शनिवार को कांगड़ा के गुप्त गंगा स्थित यात्री सदन में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत प्रशिक्षण शिविर को संबोधित कर रहे थे।
10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बतौर मुख्यातिथि अग्निहोत्री ने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस देश की सबसे पुरानी पार्टी है, जिसने न केवल स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया, बल्कि आजादी के बाद विविधताओं से भरे भारत को एक सूत्र में पिरोने का काम भी किया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे के मामले में जो ऊंचाइयां छू रहा है, वह कांग्रेस की दूरदर्शी नीतियों और मजबूत नेतृत्व का ही प्रतिफल है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की असली रीढ़ उसके कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता होते हैं। कार्यकर्ता ही वह कड़ी हैं, जो पार्टी की विचारधारा को आम जनता की दहलीज तक पहुंचाते हैं। वर्तमान दौर में कार्यकर्ताओं को अपनी वैचारिक दृढ़ता बनाए रखनी होगी, क्योंकि उनकी मजबूती ही संगठन की ताकत है।
शिविर के दौरान अग्निहोत्री ने कार्यकर्ताओं को बूथ जीता, चुनाव जीता का मंत्र देते हुए निचले स्तर पर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही संगठन में नई ऊर्जा का संचार हो सकता है। कार्यक्रम में मौजूद पार्टी पदाधिकारियों पारस गरासिया, शशिकांत सेंथिल और निखिल दे ने भी बूथ प्रबंधन और डिजिटल दौर में पार्टी के प्रचार-प्रसार को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए।