धर्मशाला। जिला कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए तस्कर मुकेश कुमार उर्फ लड्डू को तीन माह के लिए निवारक हिरासत में जेल भेज दिया है। आरोपी चकवन राख (शाहपुर) का निवासी है और जमानत पर बाहर आने के बावजूद बार-बार नशा तस्करी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 27 वर्षीय मुकेश कुमार के खिलाफ पठानकोट (डिविजन नंबर-2), नूरपुर और शाहपुर पुलिस थानों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। इन मामलों में आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया था। हैरानी की बात यह है कि हर बार गिरफ्तारी और जमानत मिलने के बाद आरोपी फिर से नशे की आपूर्ति और वितरण के धंधे में सक्रिय हो जाता था।
खुफिया एजेंसियों और पुलिस की रिपोर्ट में यह बात पुख्ता हुई कि मुकेश क्षेत्र के युवाओं को नशे के जाल में धकेल रहा है और कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती बना हुआ है। इसी के चलते जिला पुलिस ने उसके खिलाफ ‘स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988’ (पीआईटी एनडीपीएस) के तहत निवारक हिरासत का प्रस्ताव तैयार किया था।
सक्षम प्राधिकारी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसे धारा 3(1) के तहत तीन माह के लिए जिला कारागार धर्मशाला में निरुद्ध करने के आदेश जारी किए। आदेशों का पालन करते हुए शाहपुर पुलिस ने रविवार को मुकेश उर्फ लड्डू को हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
नशा तस्करों के खिलाफ हमारी मुहिम लगातार जारी है। जिला में ऐसे सक्रिय तस्करों की सूची तैयार की जा रही है जो बार-बार अपराध दोहराते हैं। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। -अशोक रत्न, एसपी कांगड़ा