डमटाल (कांगड़ा)। कांगड़ा में टैक्स चोरी और बिना बिल कारोबार के खिलाफ जीएसटी विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को जीएसटी शिमला की टीम ने जसूर और डमटाल में चार कारोबारियों के प्रतिष्ठानों पर एक साथ जांच की। कार्रवाई के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में कथित तौर पर डुप्लीकेट सिगरेट, तंबाकू उत्पाद और बिना बिल का स्टॉक मिलने की बात सामने आई है। इससे विभाग की जांच और गंभीर हो गई है।
जीएसटी कमिश्नर उज्ज्वल राणा के निर्देश पर पहुंची टीमों ने प्रतिष्ठानों में मौजूद स्टॉक की जांच करने के साथ बिक्री से संबंधित बिल, खरीद रिकॉर्ड, स्टॉक रजिस्टर और अन्य दस्तावेज खंगाले। अधिकारियों ने मौके पर उपलब्ध माल का रिकॉर्ड से मिलान किया। इसके अलावा कारोबारियों के जीएसटी रिटर्न और वास्तविक कारोबार के बीच भी मिलान किया जाएगा।
जसूर में खिलाड़ी बीड़ी के प्रतिष्ठान में सिगरेट और तंबाकू उत्पादों की जांच के दौरान डुप्लीकेट बताए जा रहे सिगरेट उत्पाद और बिना बिल का माल मिलने की जानकारी है। इसी तरह डमटाल के प्रतिष्ठान में भी टीम ने तंबाकू उत्पादों और अन्य स्टॉक की जांच की। यहां भी बिना बिल के स्टॉक और डुप्लीकेट बताए जा रहे उत्पाद मिलने की बात सामने आई है। विभाग अब खरीद-बिक्री के बिल, ई-वे बिल, स्टॉक रिकॉर्ड और जीएसटी रिटर्न का आपस में मिलान करेगा। यदि जांच में टैक्स चोरी या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित कारोबारियों पर जुर्माने के साथ नियमानुसार अन्य कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
फिलहाल बरामद स्टॉक की वास्तविक मात्रा, उसकी कीमत और संभावित टैक्स देनदारी का आकलन नहीं हुआ है। विभागीय जांच पूरी होने और रिपोर्ट तैयार होने के बाद ही इनका स्पष्ट आंकड़ा सामने आएगा। सूत्रों के अनुसार विभाग की नजर इलाके के कुछ अन्य कारोबारियों पर भी है, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं है।