धर्मशाला। ग्राम रोजगार सेवकों के लिए एक ठोस नीति बनाई जाए। इस वर्ग को भी सरकारी कर्मचारियों जैसे सारे लाभ मिलें। यह मांग जिला रोजगार सेवक संघ कांगड़ा के अध्यक्ष जसविंद्र अंगारिया ने पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से की। उन्हाेंने कहा कि ग्राम रोजगार सेवकों को 16 वर्ष से अधिक समय अपनी सेवाएं देते हुए हो गए हैं। आज भी ऐसे कई लाभ हैं, जो उन्हें नहीं मिल रहे हैं।
एक ही पद पर इतना लंबा अंतराल इस श्रेणी को कार्य करते हो गया है, परंतु अभी तक इस श्रेणी के लिए कोई भी पदोन्नति का नियम नहीं है। मनरेगा में बहुत से कामों को सफल बनाने में ग्राम रोजगार सेवकों की बहुत ही अहम भूमिका रही है। इस श्रेणी को अपने भविष्य की चिंता सता रही है। बहुत से ग्राम रोजगार सेवक बिना किसी लाभ के ही सेवानिवृत्त हो चुके हैं और बहुत से कर्मी बिना किसी ठोस नीति के बिना ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं। इसलिए सरकार जल्द उनके लिए कदम उठाएं।