भरमाड़ स्कूल में मेधावियों को पुरस्कृत करते मंत्री चंद्र कुमार। -स्रोत : संस्थान
रैहन (कांगड़ा)। कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा कि बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक बदलाव कर रही है। इससे विद्यार्थियों को प्रतिस्पर्धा के युग में आगे बढ़ने के बेहतरीन अवसर मिलेंगे। वह शुक्रवार को भरमाड़ स्कूल के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि आजकल निजी स्कूलों में आर्थिक रूप से मजबूत परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं, जबकि सरकारी स्कूलों में गरीब परिवारों के बच्चे पढ़ते हैं। इनमें से कुछ बच्चों का आईक्यू स्तर कम होता है, इसलिए शिक्षकों को उन्हें अतिरिक्त समय देने की आवश्यकता है। मंत्री ने शिक्षा के क्षेत्र में कांग्रेस सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जवाली क्षेत्र में पहले केवल एक स्कूल था, लेकिन अब हर दो किलोमीटर के दायरे में स्कूल हैं।
इस दौरान स्कूल विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से सबको मोहित कर लिया। कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने स्कूल के लिए दो अतिरिक्त कक्ष बनाने का आश्वासन दिया और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले बच्चों को 11 हजार रुपये देने की घोषणा की।