हलेड़ में संवाद कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनते मंत्री यादवेंद्र गोमा। -स्रोत : जागरूक पा
जयसिंहपुर/लंबागांव (कांगड़ा)। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार पूरी निष्ठा के साथ गरीबों और निर्धनों के हितों की रक्षा के लिए कार्य कर रही है। आयुष मंत्री सोमवार को जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के हलेड़ में खंड स्तरीय संवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
इस संवाद कार्यक्रम में चरण एक से आठ तक चयनित 10 पंचायतों के 356 बीपीएल परिवारों ने भाग लिया। गोमा ने कहा कि पारदर्शी सर्वेक्षण प्रक्रिया के दम पर ही विकासखंड लंबागांव से 2,417 पात्र परिवारों का बीपीएल सूची में चयन संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि बीपीएल चयन प्रक्रिया को निष्पक्ष और भ्रष्टाचार मुक्त बनाए रखने के लिए उपमंडल स्तर और खंड विकास अधिकारी की दो-सदस्यीय पुन: सत्यापन समिति का गठन किया गया है।
इससे फर्जीवाडे़ पर पूरी तरह अंकुश लगा है। कार्यक्रम के दौरान आयुष मंत्री ने बीपीएल वर्ग की धनीरी गांव की 80 वर्षीय हरी देवी और 72 वर्षीय जगदंबा देवी को विशेष रूप से सम्मानित भी किया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जसवंत डढ़वाल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता सूद, बीडीसी सदस्य अभिषेक सूद, एसडीएम जयसिंहपुर संजीव ठाकुर, बीडीओ लंबागांव सिकंदर कुमार, विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि व गणमान्य लोग मौजूद रहे।