गगल (कांगड़ा)। इच्छी में एक दुकान से चोर लाखों रुपये का कीमती सामान उड़ा ले गए हैं। इस दौरान चोरों ने ब्रांडेड कंपनी के टुल्लू पंप, कटर व अन्य सामान पर हाथ साफ किया है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार इच्छी गांव में जमानाबाद रोड पर स्थित दुकान के एक शटर के ताले तोड़कर चोर ब्रांडेड कंपनी के टुल्लू पंप, कटर तथा अन्य सामान उड़ा ले गए। पुलिस में दर्ज शिकायत में दुकान के मालिक निश्चल सैनी ने बताया कि उनकी दुकान से करीब ढाई लाख रुपये की चोरी हुई है। चोरी के बाद चोर दुकान के ताले भी साथ ले गए।
उधर, पुलिस थाना गगल के प्रभारी मेहरदीन ने बताया कि गगल-कांगड़ा की थाना सीमा में आने वाली यह दुकान कांगड़ा पुलिस स्टेशन में आती है। जांच के लिए कांगड़ा पुलिस को सूचित कर दिया गया है। वहीं कांगड़ा के सब इंस्पेक्टर जसवीर सिंह घटना की जांच कर रहे हैं।