पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर शहर में सिकुड़ रही सड़क को देख अब प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। प्रशासन ने अब साफ कह दिया है कि सड़क के दायरे में किसी भी दुकानदार या रेहड़ी-फड़ी वाले को सामान नहीं लगाने दिया जाएगा।
पालमपुर शहर में लगातार हो सड़क के किनारे सज रहे सामान को देख प्रशासन ने यह कदम उठाया है। सड़क के किनारे लगातार लग रहे सामान से सड़क का दायरा कम हो रहा है, जिससे यातायात में भी बाधा आ रही है। प्रशासन ने इसे लेकर नगर निगम आयुक्त को पत्र लिख दिया है। उनके साथ व्यापार मंडलों और अन्य अधिकारियों को भी इसकी प्रतिलिपि भेज दी गई है। इसमें 23 अप्रैल तक का समय सामान हटाने को दिया है, इसके बाद कड़ी कार्रवाई होगी।
जानकारी के अनुसार पालमपुर शहर में इस समय कई दुकानों के आगे सामान रखा गया है। यह सामान सड़क के किनारे रखा जा रहा है, जिससे सड़क का दायरा कम हो रहा है। सड़क का दायरा कम होने से शहर में यातायात की व्यवस्था में बाधा आ रही है, जबकि कई लोगों ने अपनी रेहड़ी-फड़़ी को भी सड़क के साथ ही लगा दिया है, जिससे यातायात में बाधा आ रही है।
सूत्रों की मानें तो शहर में कई बड़े दुकानदारों ने अपनी दुकानों के आगे कहीं सब्जी वाला तो कहीं रेहड़ी वाले समेत कई छोटे दुकानदारों को बैठा रखा है, जिनसे यह किराया लेते हैं। यह लोग अपना सामान दुकान के आगे सड़क किनारे ही सजा देते हैं, जबकि कई दुकानदारों ने भी अपनी दुकानों का सामान सड़क किनारे रखा हुआ है।
इस संबंधी लोगों ने एसडीएम पालमपुर से शिकायतें की हैं। लिहाजा, अब एसडीएम ने इसे लेकर नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर इसके खिलाफ कड़़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
-
शहर में जिन भी दुकानदारों ने सड़क के बाहर सामान रखा है, उसे हटा दिया जाएगा। वहीं, अवैध रूप से बैठे रेहड़ी-फडी वालों को भी हटाया जाएगा। सड़क के साथ सामान रखने वालों को नगर निगम ने पहले भी नोटिस दिए हैं। अब सड़क के किनारे गलत तरीके से रखे सामान को दुकानदारों ने 23 अप्रैल तक नहीं हटाया तो उनके खिलाफ कानून कार्रवाई की जाएगी।
-डाॅ. आशीष शर्मा, आयुक्त नगर निगम, पालमपुर
पालमपुर शहर में कई जगहों पर अवैध तरीके से सामान रखा हुआ है। यह सामान सड़क के साथ सजाया हुआ है, जिससे सड़क का दायरा कम हो गया है। सड़क का दायरा कम होने से यातायात की समस्या शहर में बनी हुई है। नगर निगम को को अवैध तरीके से रखे ऐसे सामान को 23 अप्रैल तक हटाने के निर्देश दिए हैं।
-नेत्रा मेती, एसडीएम, पालमपुर