संवाद न्यूज एजेंसी
पालमपुर/पंचरुखी (कांगड़ा)। आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा ने जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान जखबाबा मंदिर बेहडू में लगभग 15 लाख रुपये की लागत से पूर्ण हुए विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें मुख्य रूप से पांच लाख रुपये से टाइल कार्य, पांच लाख रुपये से निर्मित मंदिर प्रवेश द्वार तथा पांच लाख रुपये की लागत से तैयार शौचालय शामिल हैं।
मंत्री ने मंदिर कमेटी और स्थानीय जनता की मांग पर मंदिर परिसर व आसपास के अन्य विकास कार्यों के लिए विधायक निधि से 15 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि धार्मिक और सार्वजनिक स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण सरकार की प्राथमिकता है, ताकि श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े।
मंदिर समिति ने मंत्री को सम्मानित भी किया। स्थानीय निवासियों ने भी मंत्री का आभार जताया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि और भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।