नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र को मजबूती देने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने शुक्रवार को नगरोटा बगवां कॉलेज में रोजगार मेले का शुभारंभ करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार ने शिक्षा के उत्थान के लिए 10 हजार करोड़ रुपये का बजट रखा है।
उन्होंने बताया कि कभी देश में 21वें स्थान पर रहा हिमाचल अब शिक्षा में पहले स्थान पर पहुंच गया है। इस अवसर पर पर्यटन निगम अध्यक्ष आरएस बाली की मांग पर उन्होंने नगरोटा बगवां कॉलेज में पांच करोड़ रुपये की लागत से गर्ल्स हॉस्टल का निर्माण करने की घोषणा की। साथ ही आगामी वित्तीय वर्ष में ऑडिटोरियम के लिए बजट का आश्वासन और कंप्यूटर शिक्षक की नियुक्ति की घोषणा भी की गई।
इसके बाद शिक्षा मंत्री ने कबाड़ी पंचायत में राजीव गांधी राजकीय डे-बोर्डिंग स्कूल भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि इस स्कूल की प्राथमिक विंग के प्रथम चरण का कार्य आरंभ हो जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की धनराशि लोक निर्माण विभाग को दे दी गई है। इसके बाद शिक्षा मंत्री ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगरोटा बगवां में आयोजित प्रतिभा उत्सव एवं साइंस प्रदर्शनी का अवलोकन किया और छात्राओं के साथ बातचीत की। उन्होंने इस स्कूल में स्टेज निर्माण का प्राकलन तैयार करने के निर्देश भी दिए।