डाढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में जनरल वीएन शर्मा को सम्मानित करते इंसाफ संस्था के अध्यक्ष प्रवी
पालमपुर (कांगड़ा)। परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा के पैतृक गांव डाढ़ में स्मारक बनने की जानकारी मिलते ही पूर्व थल सेनाध्यक्ष दिवंगत जनरल वीएन शर्मा भावुक हो उठे थे। पूर्व विधायक एवं इंसाफ संस्था के अध्यक्ष प्रवीन कुमार ने कहा कि उन्होंने जनरल शर्मा को पूर्व सांसद दिवंगत किशन कपूर द्वारा स्मारक के लिए 50 लाख रुपये मंजूर किए जाने की बात बताई थी।
इस पर दिवंगत जनरल वीएन शर्मा भावुक हो उठे और उन्होंने कहा था, ‘प्रवीन, तूने मेरे भाई को जिंदा कर दिया।’ प्रवीन कुमार ने बताया कि जनरल शर्मा ने उनसे कहा था कि उनके भाई ने मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया और आज कश्मीर बचा है तो मेजर सोमनाथ की बदौलत ही है। हालांकि इतने बड़े बलिदान के बाद भी पैतृक गांव में कोई यादगार स्थल न होने पर उन्हें मलाल था।
उन्होंने इस विषय को प्रमुखता से उठाने के लिए इंसाफ संस्था की सराहना की थी। प्रवीन कुमार के अनुसार लंबी प्रक्रिया के बाद पिछले साल 16 जून को डाढ़ में स्मारक का शिलान्यास किया गया। वन विभाग और इंसाफ संस्था के सौजन्य से आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार, सांसद राजीव भारद्वाज और विधायक आशीष बुटेल के साथ 96 वर्षीय जनरल शर्मा भी उपस्थित रहे, जहां उन्होंने एक घंटा 20 मिनट का भाषण दिया था। जनरल वीएन शर्मा के निधन के बाद पूर्व विधायक प्रवीन कुमार ने यह संस्मरण साझा करते हुए उन्हें याद किया। संवाद