इच्छी में एयपोर्ट विस्तारीकरण के प्रभावितों को मिलने वाले लाभों और उनके द्वारा जमा किए गए आवेदन
गगल (कांगड़ा)। गगल हवाई अड्डा विस्तार परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और पुनर्स्थापन के लिए प्रशासन ने दावों की जमीनी जांच शुरू कर दी है।
शुक्रवार को इच्छी, बाग और बरस्वालकड़ सहित प्रभावित क्षेत्रों में आवेदकों के दस्तावेजों और आवासीय ढांचों का सत्यापन किया गया। संयुक्त निरीक्षण समिति घर-घर जाकर यह जांच कर रही है कि पुनर्वास लाभ के लिए दावा किए गए मकान अलग और स्वतंत्र आवासीय इकाइयां हैं या नहीं।
इसके लिए परिवार रजिस्टर में दर्ज सदस्यों के नाम, स्थायी निवास की अवधि, अलग रसोईघर, शौचालय और अन्य बुनियादी सुविधाओं की भी पड़ताल की जा रही है।
निरीक्षण समिति में राजस्व विभाग, विकास खंड कार्यालय के पंचायत निरीक्षक, क्रेडल की विशेष टीम और पंचायत प्रतिनिधि शामिल हैं। प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर रंजीत ठाकुर ने बताया कि आवेदकों के दस्तावेजों और दावों का मौके पर वास्तविक स्थिति से मिलान किया जा रहा है। संवाद