इंदौरा (कांगड़ा)। विधानसभा क्षेत्र इंदौरा के लोगों के लिए सरकारी कार्य करवाना अब बेहद सरल होने जा रहा है। क्षेत्र में लगभग सात करोड़ रुपये की लागत से लघु सचिवालय का निर्माण कार्य संपन्न हो चुका है। इस आधुनिक भवन के जनता को समर्पित होते ही लोगों को अपने कामों के लिए अलग-अलग स्थानों पर भटकने से निजात मिल जाएगी, क्योंकि प्रशासन के तमाम मुख्य अधिकारी अब एक ही परिसर में बैठेंगे।
लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब दो साल में तैयार किए गए इस लघु सचिवालय में कुल 12 महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित होंगे। इस एक ही छत के नीचे एसडीएम, डीएसपी, बीडीओ, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, सीडीपीओ और एडीए जैसे बड़े दफ्तर शिफ्ट किए जाएंगे। इसके अलावा कोषागार, कानूनगो कार्यालय, निर्वाचन शाखा, सामाजिक सुरक्षा विभाग और सुगम केंद्र की सुविधा भी यहीं उपलब्ध होगी।
वर्तमान में ये कार्यालय अलग-अलग जगहों पर होने के कारण जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता था। लघु सचिवालय के शुरू होने से सबसे अधिक लाभ दूर-दराज के गांवों से आने वाले लोगों को होगा, जिनके समय और पैसे दोनों की बचत होगी। विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगजनों के लिए यह भवन किसी वरदान से कम नहीं होगा, क्योंकि उन्हें अब एक ही काम के लिए शहर के अलग-अलग कोनों में चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है और अब औपचारिकताएं पूरी कर इसे शीघ्र ही प्रशासन के सुपुर्द कर दिया जाएगा।
-हरीश ठाकुर, सहायक अभियंता, पीडब्ल्यूडी