नूरपुर (कांगड़ा)। लोकसभा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने संसद में शीतकालीन सत्र के दौरान नियम-377 के तहत मामला उठाते हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान से नूरपुर हलके में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि नूरपुर हलके में फूड प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने से नूरपुर समेत फतेहपुर, इंदौरा और जवाली विधानसभा क्षेत्र के साथ चंबा जिले के बागवानों को भरपूर लाभ मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि नूरपुर क्षेत्र बागवान बहुल क्षेत्र है। यहां आम, किन्नू, लीची और अमरूद इत्यादि फलों की अत्यधिक पैदावार होती है, जबकि चंबा में सेब सहित अन्य फलों की बंपर पैदावार होती है। ऐसे में नूरपुर में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगने से इन क्षेत्रों के बागवानों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि नूरपुर क्षेत्र में ऑफ सीजन में भी आम की अच्छी फसल होती है। एक आंकड़े के मुताबिक आम, लीची और अमरूद का सर्वाधिक उत्पादक और सर्वाधिक क्षेत्रफल में फसल उगाने वाला जिला कांगड़ा है। इसमें नूरपुर उपमंडल की बहुत अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि नूरपुर में फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगने से नूरपुर और चंबा क्षेत्र के बागवानों को अपने उत्पादन का अधिक मूल्य मिलेगा और यदि बागवानों को अपनी फलों की पैदावार को प्रोसेस करने का अवसर मिल जाए तो मुनाफा अधिक होगा। बागवानों की तरक्की भी तभी संभव है, जब उन्हें अपनी फसल का सही दाम मिले। ऐसे में फूड प्रोसेसिंग यूनिट की नूरपुर क्षेत्र में स्थापना बागवानों की आय का एक बड़ा स्रोत होगा। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से इस दिशा में त्वरित कार्रवाई करने का आग्रह किया।