धर्मशाला। कांगड़ा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग स्थानों पर तीन मामलों में कुल 1.411 किलोग्राम चरस बरामद की है। इन मामलों में चार आरोपियों और एक किशोर को पकड़ने के साथ दो वाहनों को भी जब्त किया गया है। पुलिस ने सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पहली कार्रवाई में सीआईए कांगड़ा की टीम ने एएसआई मनजीत के नेतृत्व में गोपालपुर चिड़ियाघर के समीप नाकेबंदी के दौरान धीरज कुमार (23) निवासी चलोली, पांगी (चंबा) को दबोचा। मोटरसाइकिल सवार आरोपी के कब्जे से 113.10 ग्राम चरस बरामद हुई, जिसके बाद पालमपुर थाने में मामला दर्ज किया गया। दूसरे मामले में सीआईए टीम ने एएसआई मनवीर के नेतृत्व में पालमपुर के स्पाडू में दबिश देकर योगेंद्र कुमार (38) निवासी बालीचौकी (मंडी) को गिरफ्तार किया। आरोपी की कार से 1.029 किलोग्राम चरस बरामद की गई है।
तीसरी कार्रवाई में बैजनाथ पुलिस ने अंतिल मिन्हास (22) निवासी टिक्कर और शिवाश (18) निवासी मझेनू सहित एक नाबालिग से 269 ग्राम चरस बरामद की। नाबालिग पर बाल कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि नशा तस्करी के नेटवर्क की कड़ियों को खंगालने के लिए गहन जांच जारी है।